सुपौल/बीरपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार सुपौल के तत्वावधान में बीरपुर न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम-सह-सहायता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री राजेश कुमार बच्चन ने की।
मौके पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति बीरपुर विनय शंकर, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अमित गौरव, एसडीजेएम सह सचिव सुरभि सिंघानिया, मुंसिफ विकास कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी रमीजुर रहमान मौजूद रहे।
इसके अलावा बार एसोसिएशन अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण रैन, सचिव एसपी मंडल, एसडीपीओ, एसडीएम, चिकित्सा पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, अधिवक्तागण, पीएलवी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पौधारोपण से हुई।
अपने संबोधन में प्रधान जिला जज राजेश कुमार बच्चन ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के अनुभव और ज्ञान के स्रोत हैं। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिला जज विनय शंकर और सचिव अमित गौरव ने वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श और योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में बैंक प्रतिनिधि ने सुरक्षित बैंकिंग और ओटीपी फ्रॉड से बचाव, साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचाव, स्वास्थ्य विभाग ने वृद्धावस्था में स्वास्थ्य देखभाल और प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर और विधिक सहायता डेस्क भी लगाई गई, जहां वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं।

