
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद DPO ने की थी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा, DM मधेपुरा की सहमति के बाद 24 घंटे में योगदान का आदेश, जौतेली पासवान टोला भेजे गए कुमार संजय प्रताप
उदाकिशुनगंज/मधेपुरा
उदाकिशुनगंज प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV) में छात्राओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में आखिरकार जिला शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
कार्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, मधेपुरा (स्थापना शाखा) द्वारा कार्यालय आदेश ज्ञापांक 2121, दिनांक 28.08.2026 जारी किया गया है।
आदेश में क्या है?
आदेश के अनुसार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रा०शि० एवं सर्व शिक्षा अभियान, मधेपुरा के पत्रांक 1864 दिनांक 25.08.2026 द्वारा बताया गया था कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें KGBV उदाकिशुनगंज की कुछ छात्राओं द्वारा संचालक श्री कुमार संजय प्रताप, प्रधानाध्यापक-सह-संचालक, KGBV उदाकिशुनगंज पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पत्र में यह भी अंकित है कि श्री प्रताप के विरुद्ध संचालन में अनियमितता बरतने के आरोप में पूर्व में भी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कार्यालय पत्रांक 434 दिनांक 08.03.2025 की अनुशंसा पर उन्हें निलंबित किया गया था।
उक्त के आलोक में जिलाधिकारी, मधेपुरा द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को श्री प्रताप को अन्यत्र स्थानांतरित कर निराकरण हेतु निर्देशित किया गया था।
कहाँ हुई ट्रांसफर?
सचिव, शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के अधिसूचना ज्ञापांक 656 दिनांक 25.06.2026 के कंडिका-5 (प्रशासनिक दृष्टिकोण) और जिलाधिकारी, मधेपुरा की सहमति के उपरांत –
- श्री कुमार संजय प्रताप, प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय बालक उदाकिशुनगंज-सह-संचालक KGBV को स्थानांतरित करते हुए उ० म० वि० जौतेली पासवान टोला, उदाकिशुनगंज में पदस्थापित किया गया है।
- श्री कुमार किशोर केशरी, प्रधानाध्यापक,
उ० म० वि० परिहारपुर को स्थानांतरित करते हुए मध्य विद्यालय बालक उदाकिशुनगंज-सह-संचालक KGBV उदाकिशुनगंज में पदस्थापित किया गया है।
आदेश में संबंधित दोनों प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे नव पदस्थापित विद्यालय में 24 घंटे के अंदर अनिवार्य रूप से योगदान करते हुए योगदान संबंधी सूचना अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में समर्पित करना सुनिश्चित करें। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, उदाकिशुनगंज को आदेश अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
अभिभावकों ने जताई खुशी
इस आदेश के बाद KGBV की छात्राओं और अभिभावकों में खुशी है। अभिभावकों का कहना है कि अब उनकी बच्चियां सुरक्षित माहौल में पढ़ सकेंगी। उन्होंने जिलाधिकारी मधेपुरा और जिला शिक्षा पदाधिकारी के प्रति आभार जताया है।
