देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले नवादा निवासी मेजर अनुपम रंजन, 4 पैरा स्पेशल फोर्स के अधिकारी, को इस स्वतंत्रता दिवस पर उनके शौर्य एवं साहस के लिए सेना मेडल से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मिलने से नवादा जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
मेजर अनुपम रंजन ने इसी वर्ष फरवरी माह में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में वीरता का परिचय दिया। अभियान के दौरान उन्होंने अपनी टीम के साथ लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े दो आतंकवादियों को मार गिराया। कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आॅपरेशन का नेतृत्व करते हुए उन्होंने असाधारण साहस, सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।
उनकी वीरता और राष्ट्रसेवा के सम्मान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत सरकार की ओर से उन्हें सेना मेडल प्रदान किया गया। यह सम्मान न केवल मेजर अनुपम रंजन के लिए, बल्कि उनके परिवार, नवादा जिले और पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है।
मेजर अनुपम रंजन की बहादुरी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि भारतीय सेना के जवान देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने को तैयार रहते हैं। उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को लेकर जिलेवासियों में विशेष उत्साह है।
मेजर अनुपम रंजन के सेना मेडल से सम्मानित होने पर उनके परिजनों, शुभचिंतकों एवं जिलेवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। लोगों ने कहा कि उनकी वीरता और देशभक्ति युवाओं के लिए प्रेरणादायी है तथा नवादा को उन पर गर्व है।
