छठ घाटों की व्यवस्था का डीडीसी ने लिया जायजा, सुरक्षा और साफ-सफाई पर दिया जोर

गांधी मैदान, शनि मंदिर और चकला निर्मली घाट का किया निरीक्षण, गोताखोरों के साथ नाव व लाइफ जैकेट की रहेगी व्यवस्था

सुपौल।

छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर परिषद की ओर से घाटों पर की जा रही तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने सुपौल शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने गांधी मैदान, शनि मंदिर, चकला निर्मली सहित विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से उन घाटों पर अधिक सतर्कता बरतने को कहा गया, जहां छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
इस दौरान नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने बताया कि पूरे शहर के सभी छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भीड़भाड़ वाले घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षा के भी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
वहीं, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि अंचलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक घाट पर गोताखोरों की तैनाती की व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार नाव और लाइफ जैकेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे। भीड़ प्रबंधन को लेकर घाटों तक आने-जाने वाले महिला एवं पुरुष छठ व्रतियों के लिए अलग-अलग रास्तों और व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा घाटों पर सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि छठ महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित नगर परिषद के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!