महावीर चौक पर वन-वे व्यवस्था लागू, यातायात पुलिस ने संभाली कमान
सुपौल। वरदान न्यूज़ ब्यूरो चीफ राजीव रंजन
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर में शनिवार को दिनभर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। छठ की खरीदारी को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। फल, पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक सामानों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। खासकर स्टेशन चौक और महावीर चौक पर लोगों की काफी आवाजाही रही। भीड़ के कारण कई प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया।
छठ पर्व के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए टेंट लगाया गया है, ताकि स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को बैठने और ठहरने में परेशानी नहीं हो। वहीं, शहर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए महावीर चौक पर शनिवार से वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई है। यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव पुलिस एवं आरक्षी उपाध्यक्ष कमलेश्वरी प्रसादबल के साथ मौके पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। इस कार्य में सदर थाना पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है।
पुलिसकर्मी लगातार वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से निपटने में जुटे हैं। छठ पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


