सरकारी दफ्तरों के चक्कर खत्म, जनता के दरवाजे पर पहुंचेगा प्रशासन, इस दिन से डीएम-एसडीओ सुनेंगे फरियाद, समस्या का होगा ऑन स्पॉट समाधान

वरदान न्यूज मधेपुरा। आज दिनांक 14-05-2026 को जिला पदाधिकारी,  अभिषेक रंजन मधेपुरा एवं अनुमंडल पदाधिकारी पंकज घोष उदाकिशुनगंज आगामी 19-05-2026 को आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर पंचायत सरकार भवन, घोषई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर स्थल पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के लिए बनाए जा रहे सहायता एवं सेवा काउंटरों का विस्तृत जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि शिविर का संचालन पारदर्शी, व्यवस्थित एवं जनहितकारी तरीके से सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि “सहयोग शिविर” जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का गंभीरतापूर्वक निष्पादन किया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया जाए। साथ ही शिविर स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, छाया, प्रतीक्षा स्थल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। जिला प्रशासन एलर्ट आयोजित यह “सहयोग शिविर” ग्रामीण जनता एवं प्रशासन के बीच संवाद, विश्वास एवं समाधान का सशक्त माध्यम बनेगा। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आमजनों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कर्मीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!