अकेली महिला को ‘डायन’ बताकर घर में घुसकर मारपीट, गहने और नकदी लूटी

काशनगर/सहरसा।

जिले के काशनगर थाना क्षेत्र के बराही गाँव वार्ड नंबर 12 में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला को ‘डायन’ का आरोप लगाकर न केवल बुरी तरह पीटा गया, बल्कि उसके साथ लूटपाट भी की गई। पीड़ित महिला रिमझिम कुमारी, पति रंजीत कुमार मेहता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि घटना 8 मई 2026 की शाम करीब 8 बजे की है। उस समय वह घर में अकेली थी। उसके पति और सासु मां किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे और ससुर व बच्चे घर से बाहर तकरीबन 100 मीटर की दूरी पर बासा है जहां उनकी मवेशी रहती है। उस वक्त वो लोग वही बासा पर थे। इसी का फायदा उठाकर गाँव के ही करीब 10 लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर उसके घर में घुस आए। पीड़िता के अनुसार, हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। घर में स्थित दुकान में तोड़फोड़ की और सामान तहस-नहस कर दिया। दुकान के गल्ले में रखे 10,000 रुपये नकद लूट लिए।
‘डायन’ कहकर दी गालियां
आवेदन में जिक्र है कि हमलावर चिल्ला रहे थे कि “यह डायन है, इसने सबका जीना हराम कर रखा है।” जब महिला के देवर बीच-बचाव करने पहुँचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की कोशिश की और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने काशनगर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में राजेश मेहता, भानु मेहता, तनुलाल मेहता, निक्की देवी, नीरज कुमार, धीरज कुमार, विकास कुमार, रूबी कुमारी, काजल कुमारी और रमेश मेहता को नामजद आरोपी बनाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!