

वरदान न्यूज । मधेपुरा
दिनांक 20-04-2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में 1 वर्ष की प्राथमिकताएँ समीक्षा सह अनुवर्ती सह समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं की प्रगति की समीक्षा, लंबित कार्यों के निष्पादन में तेजी लाना तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
बैठक में अपर समाहर्ता, मधेपुरा श्री अरुण कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) श्री मुकेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमन कुमार सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी मधेपुरा श्री संतोष कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री कुमार उमाशंकर, जिला पंचायत राज पदाधिकारी निकिता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा आमजन से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं जिले के समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
