

वरदान न्यूज । मधेपुरा
आमजनों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन द्वारा आज न्यू बस स्टैंड का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि न्यू बस स्टैंड को यथाशीघ्र चालू किया जाए, ताकि यात्रियों को आधुनिक एवं व्यवस्थित सुविधाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि बस स्टैंड के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं—जैसे यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था—को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यू बस स्टैंड के समीप ऑटो स्टैंड के निर्माण का भी निर्देश दिया, जिससे यात्रियों को सहज एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बस से उतरने के बाद यात्रियों को स्थानीय परिवहन के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी बसों का परिचालन न्यू बस स्टैंड से ही सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे शहर के अंदर यातायात का दबाव कम होगा तथा जाम की समस्या से आमजन को राहत मिलेगी। यह पहल शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
