
समाहरणालय, मधेपुरा स्थित जिलाधिकारी कक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 44 आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी, निष्पक्ष एवं न्यायोचित तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनसहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और आम जनता की समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच संवाद को सशक्त बनाया जा रहा है, जिससे समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव हो सके।
