जिले के विकास को गति देने हेतु एक वर्षीय प्राथमिकताओं की समीक्षा, समन्वय व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर जोर

वरदान न्यूज मधेपुरा।जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में 1 वर्ष की प्राथमिकताएँ समीक्षा सह अनुवर्ती सह समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में निर्धारित एक वर्षीय प्राथमिकताओं की प्रगति की गहन समीक्षा करना, लंबित योजनाओं का प्रभावी फॉलो-अप सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ बनाना था। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास योजनाओं के निष्पादन में गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन ही वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने विशेष रूप से जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने एवं आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों को अविलंब निष्पादित करने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि सभी निर्धारित लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति हो सके। बैठक में जिले के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे एवं अपने-अपने विभाग की प्रगति से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!