पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, कृत्रिम अभाव व अनियमितता पर सख्त कार्रवाई होगी : –जिलाधिकारी

वरदान न्यूज मधेपुरा।आज दिनांक 04 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित न्यू एन०आई०सी० हॉल में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि, आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी तथा संबंधित एजेंसियों के संचालक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की सुचारू एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कृत्रिम अभाव उत्पन्न करना या आपूर्ति में बाधा डालना गंभीर अनियमितता मानी जाएगी, जिस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी डीलरों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही पेट्रोलियम पदार्थ उपलब्ध कराएं तथा स्टॉक एवं वितरण से संबंधित सभी अभिलेखों का नियमित अद्यतन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उपभोक्ताओं की शिकायतों के शीघ्र निष्पादन हेतु प्रभावी तंत्र विकसित करने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। बैठक में आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित पक्षों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन, मधेपुरा द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है तथा आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!