ग्रैंड फिनाले में करेंगी झारखण्ड का प्रतिनिधित्व
गोड्डा जिला अंतर्गत महागामा अनुमंडल मुख्यालय की जयंती कुमारी ने अपनी लगन और निरंतर मेहनत के दम पर राज्य का नाम रोशन किया है। राजस्थान के जयपुर में आयोजित होने वाले फारएवर मिस इंडियन कांटेस्ट 2025 के ग्रैंड फिनाले के लिए उनका चयन हुआ है।
जयंती ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर टॉप- तीन में जगह बनाई है। आगामी 19 से 21 दिसंबर तक चलने वाली उक्त प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 21 दिसंबर को होगा, जिसमें वह झारखंड की ओर से प्रतिभागी होंगी।
महागामा निवासी 28 वर्षीय जयंती बचपन से ही फैशन और ग्रूमिंग की दुनिया में कदम रखने का सपना देखती थीं। लेकिन कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते उन्होंने पहले सरकारी सेवा में स्थान पाने का लक्ष्य तय किया। कठिन परिश्रम के बाद 2020 में उनका चयन एम्स कल्याणी (प. बंगाल) में नर्सिंग आॅफिसर के पद पर हुआ।
जनवरी 2022 से वह अपनी सेवा दे रही हैं। सरकारी नौकरी के बाद जयंती ने अपने अधूरे सपने को साकार करना शुरू किया। रोजाना शाम पांच बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वे फैशन, कैटवॉक और ग्रूमिंग की तैयारी में जुट जाती थीं।
परिवार और दोस्तों के प्रोत्साहन ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया। जयंती के पिता नंदकिशोर साह, जिनका एक छोटा कपड़ों का दुकान है, बताते हैं कि बेटी को बचपन से ही सजने-संवरने और मॉडलिंग का बहुत शौक था। मगर घरेलू परिस्थितियों के कारण पढ़ाई को प्राथमिकता देना आवश्यक था।आज जयंती की उपलब्धि पर पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है।
जयंती ने कक्षा नौ से 12 तक की पढ़ाई नवोदय विद्यालय ललमटिया गोड्डा से की और इसके बाद रांची रिम्स से बीएससी नर्सिंग कर वर्ष 2020 में स्नातक किया। उसी वर्ष उनका एम्स कल्याणी में चयन हुआ था।
फॉरएवर मिस इंडियन कॉन्टेस्ट 2025 का आयोजन सीईओ राजेश अग्रवाल और डायरेक्टर जया चौहान के नेतृत्व में जयपुर में किया जा रहा है। इस मंच पर जयंती की भागीदारी झारखंड के लिए गर्व का विषय है।
परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई और दो बहनें भी हैं।
परिजन विश्वास जताते हैं कि जयंती अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर भविष्य में और भी ऊंचाइयां हासिल करेंगी।जयंती का चयन न केवल गोड्डा, बल्कि गोड्डा, महागामा और पूरे झारखंड के लिए सम्मान का क्षण है।
