छठ पूजा के बाद बढ़ी ठंड, सुबह-शाम कुहासे से जनजीवन प्रभावित

सुपौल वरदान न्यूज़ ब्यूरो चीफ राजीव रंजन
सुपौल।जिले में छठ पूजा के बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। पिछले कुछ दिनों की तुलना में सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि छठ पूजा के बाद से ठंड में अचानक इजाफा महसूस हो रहा है। सुबह के समय सड़कों और खुले इलाकों में कुहासा छाने लगा है, जबकि शाम होते ही ठंडी हवा चलने से ठिठुरन बढ़ जाती है।

बढ़ती ठंड के कारण लोग अब गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। सुबह टहलने निकलने वाले लोग जैकेट, स्वेटर और मफलर पहने नजर आ रहे हैं। वहीं बुजुर्ग और बच्चे ठंड से बचने के लिए सुबह देर से घर से निकल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग ठंड से राहत पाने के लिए अलाव का सहारा लेने लगे हैं।

ठंड बढ़ने के साथ बाजार में गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ने लगी है। स्वेटर, जैकेट, टोपी और मफलर की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। सुबह के समय कुहासा रहने से सड़कों पर वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।

मौसम में बदलाव का असर दैनिक जीवन के साथ खेती-किसानी पर भी दिखने लगा है। किसानों के अनुसार सुबह खेतों में ओस और ठंड बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने पर ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!