सडक दुर्घटना में एकलौता चिराग की मौत, बुझ गई परिवार की खुशियाँ

वरदान न्यूज सुनील कुमार
पिपरा (सुपौल): थाना क्षेत्र के थूमहा बाजार में मंगलवार की रात रफ्तार का कहर देखने को मिला. पलभर में ऐसा कहड बरपा कि एक परिवार के घर की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार पिकअप और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में बाइक चला रहे 19 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। प्रत्यक्षद्रशियों ने बताया टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान थूमहा वार्ड 7 निवासी लालो राम के पुत्र रोहित राम के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव निवासी सुरेंद्र राम का पुत्र श्रवण कुमार है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात रोहित अपने साथी श्रवण के साथ बाइक से थूमहा बाजार जा रहा था। इसी दौरान थुमहा बाजार में सुपौल की ओर से सब्जी लेकर पिपरा की ओर जा रहे पिकअप वाहन से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रोहित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इकलौते चिराग की मौत से बुझ गई परिवार की खुशियां

इस हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर रोहित के घर में देखने को मिली। धनतेरस के दिन नई बाइक खरीदने की खुशी अभी परिवार के जेहन में ताजा ही थी कि सड़क हादसे ने सबकुछ छीन लिया। रोहित अपने पिता लालो राम का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। इकलौते बेटे की असामयिक मौत से पिता सदमे में हैं, वहीं मां छेदनी देवी का विलाप थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही रोहित का शव घर पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव दहल उठा। बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गईं। जिस घर में नई बाइक आने की खुशियां थीं, वहां अब सिर्फ मातम और अपनों को खोने का दर्द रह गया है।

पिकअप जब्त, चालक पुलिस को चकमा देकर फरार

हादसे के बाद पिकअप चालक को इलाज के लिए एम्बुलेंस से भेजा गया लेकिन चालक चालाकी करते हुए पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त कर चालक का नाम पता नोट कर लिए है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी राजीव रंजन घटनास्थल पर पहुंचे और परिजन सहित स्थानीय लोगों को ढाढस बंधाते हुए कानूनी सहायता का भरोसा दिलाया। उनहोंने बताया सडक दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सोप दिया गया है पुलिस अग्रेतर कारवाई कर रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!