जोल्हनियां में दो दिवसीय कबीर महोत्सव आज से

पिपरा (सुपौल): प्रखंड क्षेत्र के जोल्हनियां गांव में दो दिवसीय संत कबीर महोत्सव का आयोजन आज गुरुवार से शुरू होगा। महोत्सव को लेकर गांव में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंडाल सजाया गया है और बाहर से आने वाले संतों व श्रद्धालुओं के ठहरने व भोजन की व्यवस्था की गई है।

सतगुरु कबीर महोत्सव में मुख्य वक्ता के रूप में समस्तीपुर जिला के मूल गाजी रोसड़ा के संत आचार्य सुरेश साहब और अररिया जिला के संत नारायण साहब शामिल होंगे। दोनों संत सत्संग में सद्गुरु कबीर के विचारों, वाणी और दोहों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन का सच्चा मार्ग बताएंगे। कबीर के निर्गुण भक्ति, मानवता, प्रेम, सत्य और सदाचार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में स्थानीय महंथ गरीब साहब, हीरा साहब, रघुनी साहब, राजेन्द्र साहब सहित अन्य संतों का योगदान महत्वपूर्ण है। स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से यह महोत्सव हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस बार भी आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

दो दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में भजन-कीर्तन, सत्संग, प्रवचन और भंडारे का आयोजन होगा। पहले दिन सुबह कलश यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा, वहीं दूसरे दिन महाआरती और भंडारे के साथ समापन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर सत्संग का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!