सुपौल: लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के बाद जिले में अजीब सा सन्नाटा पसर गया है। जिस सुपौल की सड़कों, बाजारों और घाटों पर पिछले चार दिनों से लाखों की भीड़ उमड़ रही थी, वहां अब शांति छाई हुई है।
पर्व के दौरान फल, फूल, पूजा सामग्री और कपड़ों की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ थी। व्यापारी भी दिन-रात ग्राहकों की सेवा में लगे थे। लेकिन छठ के पारण के बाद से बाजार बिल्कुल शांत नजर आ रहे हैं। मुख्य बाजार, स्टेशन रोड, गांधी चौक सहित अन्य इलाकों में दुकानें तो खुली हैं, लेकिन ग्राहकों का इंतजार कर रहे व्यापारियों के चेहरे पर सन्नाटा साफ दिख रहा है।
सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही काफी कम हो गई है। ऐसा लग रहा है जैसे पूरा शहर थककर आराम कर रहा हो। छठ व्रतियों के घर लौटने के बाद लोग अपने-अपने घरों में आराम कर रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि छठ के बाद हर साल 2-3 दिन तक बाजार में इसी तरह का सन्नाटा रहता है। लोगों ने पर्व में जमकर खरीदारी की, अब कुछ दिन बाजार ठंडा रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे फिर से रौनक लौट आएगी।
वहीं घाटों पर भी अब सन्नाटा है, जहां कल तक “केरवा जे फरेला घवद से” की गूंज थी, वहां अब सिर्फ छठ के बचे हुए सामान और शांत पानी नजर आ रहा है।
कुल मिलाकर छठ महापर्व की भव्यता के बाद सुपौल अब शांत माहौल में डूबा हुआ है।
