राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर प्रेस क्लब सुपौल में विशेष कार्यक्रम आयोजित

पत्रकारिता की निष्पक्षता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारियों पर हुई चर्चा

सुपौल। वरदान न्यूज़ ब्यूरो चीफ राजीव रंजन

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में प्रेस क्लब में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस की थीम “Journalism: Populist or Responsible” (पत्रकारिता: लोकलुभावन या जिम्मेदार) रही। इस विषय पर आयोजित चर्चा के दौरान पत्रकारिता की बदलती भूमिका, निष्पक्षता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और समाज के प्रति मीडिया की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों को जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के साथ पत्रकारिता के उच्च आदर्शों एवं मूल्यों को बनाए रखना चाहिए। समाचारों के संकलन और प्रसारण में निष्पक्षता तथा तथ्यपरकता का विशेष ध्यान रखना भी आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम पत्रकारों को अपने दायित्वों का पुनरावलोकन करने तथा समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाने का अवसर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!