
टीपू मिश्रा ने विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों का लिया जायजा, व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
वरदान न्यूज/उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर परिषद उदाकिशुनगंज में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद की ओर से विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई का कार्य तत्परता के साथ कराया जा रहा है। घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई कर्मी लगातार जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में नगर परिषद के प्रतिनिधि टीपू मिश्रा उर्फ कर्ण कुमार मिश्रा ने विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों का जायजा लिया। उन्होंने हरैली घाट, बसगाढ़ा घाट , उदाकिशुनगंज घाट, मजहरपट्टी,सहित अन्य प्रमुख घाटों एवं तालाबों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और पवित्रता का प्रतीक है। इस अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर परिषद पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। घाटों की सफाई, आवश्यक व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाएगा।
