त्रिवेणीगंज में दिव्यांगजनों के बीच 60 से अधिक सहायक उपकरणों का वितरण

सुपौल। शुक्रवार को माननीय सांसद श्री दिलेश्वर कामैत की अध्यक्षता में त्रिवेणीगंज स्थित बुनियाद केन्द्र परिसर में आयोजित सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में 60 से अधिक दिव्यांगजनों को ADIP योजनांतर्गत सहायक उपकरण वितरित किए गए।

ज्ञात हो कि ADIP योजना केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित एक योजना है, जिसके अंतर्गत सरकारी कंपनी ALIMCO के माध्यम से दिव्यांगजनों की सामाजिक जीवन में बेहतर भागीदारी सुनिश्चित करने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से व्हील चेयर, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग, बैसाखी, स्मार्ट केन, विशेष शिक्षण एवं अन्य सहायक उपकरण दिए जाते हैं।

ADIP योजनांतर्गत सुपौल जिले में दिनांक 28.10.2026 से 30.10.2026 तक सुपौल, बसंतपुर, त्रिवेणीगंज एवं निर्मली बुनियाद केंद्रों में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कुल 300 से अधिक सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

आज त्रिवेणीगंज में आयोजित वितरण कार्यक्रम से पूर्व दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए माननीय सांसद महोदय ने दिव्यांगजनों के लिए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज की वितरण सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद उपस्थित नहीं हो सकने वाले दिव्यांगजन अपनी सुविधानुसार कभी भी संबंधित बुनियाद केंद्र आकर अपना उपकरण प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस अधिनियम के अनुसार दिव्यांगजनों को हर प्रकार के अधिकार दिलाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों को यह संदेश दिया कि सरकारी नौकरियों में इनके लिए 4 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है तथा उच्च शिक्षण संस्थाओं में भी 5 प्रतिशत सीटें इनके लिए आरक्षित होती हैं। दिव्यांगजनों को इसका लाभ उठाना चाहिए।

इस वितरण कार्यक्रम में माननीय सांसद दिलेश्वर कामैत, प्रभारी सहायक निदेशक दिव्यांगजन दिवेश कुमार शर्मा, एलिम्को के प्रतिनिधि नंदन यादव, बुनियाद केंद्र डीपीएम इकबाल हाशिम के साथ-साथ सोनेलाल कामैत, अजय आनंद, शंभू गुप्ता, अनिल चौधरी, सुधीर मेहता, ब्रह्मानंद झा, दीपक कामैत, मो. दुलार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!