
गयाजी में रविवार को आयोजित लेट्स इंस्पायर बिहार के अंतर्गत सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर समिट 2026 में मधेपुरा के तीन लोगों को मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के हाथों सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में नया सवेरा फाउंडेशन ट्रस्ट की अध्यक्ष कोमल काव्या भगत, श्री जीवन अमृत आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के निदेशक डॉ. एस.एन. कुमार तथा यूट्यूबर सह सोशल एक्टिविस्ट मो. मेराज आलम शामिल हैं। कोमल काव्या भगत आगलगी और बाढ़ जैसी आपदाओं में राहत पहुंचाने, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण तथा गरीब बेटियों की शादी में सहयोग जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती हैं। मो. मेराज आलम सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक समस्याओं को उठाकर लोगों को जागरूक करते हैं। वहीं, डॉ. एस.एन. कुमार चिकित्सा के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और जनसमस्याओं को सामने लाते रहे हैं। तीनों के सम्मानित होने पर नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज उठाने, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और क्षेत्र की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए लोगों का सम्मानित होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाते हैं तथा दूसरों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। तीनों को मिला सम्मान मधेपुरा के लिए गौरव का विषय है।

