कटैया-निर्मली (सुपौल): पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली बाजार में गुरुवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया सड़क जाम

कटैया-निर्मली (सुपौल)। पिपरा थाना क्षेत्र के निर्मली बाजार में गुरुवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।

लोगों ने लिटियाही चौक पर शव रखकर सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

मृतक की पहचान बसहा पंचायत के वार्ड नंबर-9 निवासी श्री प्रसाद यादव के 28 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:45 बजे सतीश बाइक से सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान निर्मली बाजार स्थित सेंट्रल बैंक सीएसपी के सामने एनएच-327ई पर सामने से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पिपरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया।

शुक्रवार को जाम की सूचना पर पिपरा पुलिस और अंचलाधिकारी आकांक्षा कुमारी मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया। सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता राशि दिलाने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो गया।

पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान में जुटी है।

राजीव रंजन संवाददाता सुपौल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!