सुपौल। शनिवार को ब्रह्म स्थान चौक स्थित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक चेतना का बखूबी प्रदर्शन करते हुए मॉडलों एवं प्रोजेक्ट के माध्यम से अपने स्वर्णिम भविष्य की झलक प्रस्तुत की। बच्चों द्वारा बनाए गए विज्ञान के मॉडलों ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों को काफी प्रभावित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सर्वेश कुमार तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित किया जाता है। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच और जागरूकता पैदा होती है तथा उनका मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
विद्यालय के प्रशासक विश्वास चंद्र मिश्र ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। छात्र-छात्राएं पूरे जोश के साथ इसमें भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के माता-पिता ने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधनको इस तरह के रचनात्मक आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।


