सुपौल। शुक्रवार की देर रात सुपौल जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सघन रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. के नेतृत्व में पिपरा बाजार में सड़क पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह निगरानी की गई।
प्रशासन की इस पहल से आम लोगों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि जब लोग अपने घरों में सो रहे होते हैं, उस समय खुद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सड़क पर गश्त कर रहे हैं, इससे अपराध पर अंकुश लगेगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सतत निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।


