

वरदान न्यूज । मधेपुरा
आज दिनांक 12 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा संदीप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय स्थित कला भवन, मधेपुरा में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। बताया गया कि यह परीक्षा दिनांक 14, 15, 17, 18, 20 एवं 21 अप्रैल 2026 को तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। मधेपुरा जिला मुख्यालय के 21 परीक्षा केंद्रों पर कुल 7920 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी—प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की स्वच्छता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र ऑब्जर्वर, एक स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश समय प्रथम पाली हेतु प्रातः 08:00 बजे से 09:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली हेतु अपराह्न 01:00 बजे से 01:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति होगी, इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को सुबह 07:00 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री अरुण कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा), जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचने एवं शांतिपूर्ण परीक्षा में सहयोग करने की अपील की है।
