उदाकिशुनगंज: कालाजार के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग का प्रहार; खाड़ा पंचायत में एसपी छिड़काव अभियान तेज

ब्यूरो, पुष्पम कुमार, मधेपुरा।

उदाकिशुनगंज: कालाजार जैसी घातक बीमारी के उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। प्रखंड के खाड़ा पंचायत में 16 मार्च से सिंथेटिक पैराथायराइड (एस.पी.) का इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (IRS) अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। बुधवार को पीरामल फाउंडेशन के कम्युनिकेबल डिजीज प्रोग्राम ऑफिसर (POCD) राम बल्लभ कुमार की देखरेख में वार्ड नंबर 7 में छिड़काव कार्य का निरीक्षण किया गया।
बालू मक्खी के खात्मे के लिए ‘सुरक्षा चक्र’
कालाजार मुख्य रूप से ‘बालू मक्खी’ (Sand Fly) के काटने से फैलता है। इसे नियंत्रित करने के लिए घरों की भीतरी दीवारों, रसोई, पूजा घर और पशुशाला (गोहाल) में जमीन से 6 फीट की ऊंचाई तक कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है।
बुधवार को सीनियर फील्ड वर्कर प्रवीण कुमार शर्मा और रणधीर कुमार के नेतृत्व में दो टीमों ने वार्ड-7 के विनोद झा और लालकून राम के आवास सहित अन्य घरों में छिड़काव किया। इस दौरान अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खाड़ा के जीएनएम ओमप्रकाश और वार्ड सदस्य राजकिशोर राम भी मौजूद रहे।
सावधानी ही बचाव: विशेषज्ञ की सलाह:
पीओसीडी राम बल्लभ कुमार ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि केवल छिड़काव पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तिगत स्वच्छता भी अनिवार्य है। उन्होंने मुख्य बिंदुओं पर जोर दिया:
सफाई: घर के आसपास नमी और गंदगी जमा न होने दें।
मच्छरदानी:* दिन हो या रात, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें।

  • जांच: यदि 15 दिनों से अधिक बुखार हो, जो दवा से ठीक न हो रहा हो, तो तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराएं।

अभियान की रूपरेखा और सावधानियां:
सीनियर फील्ड वर्कर प्रवीण कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि खाड़ा पंचायत के 6 वार्डों में कार्य पूरा हो चुका है और 13 मई 2026 तक सभी 13 वार्डों को कवर कर लिया जाएगा।
इस अभियान में चंद्रशेखर शर्मा, शत्रुघ्न साह, विनोद ऋषिदेव, सदानंद शर्मा, राकेश पासवान सहित कई फील्ड वर्कर और आशा कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग और पीरामल फाउंडेशन का यह साझा प्रयास क्षेत्र को कालाजार मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!