वरदान न्यूज / सुनील कुमार
पिपरा (सुपौल): अररिया में हुए भीषण सड़क हादसे में थुमहा के छह युवाओं की मौत के बाद गांव में शोक और उदासी का माहौल बना हुआ है। शनिवार की शाम मृत युवाओं की स्मृति में ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। हाथों में जलती मोमबत्तियां लिए लोगों का मार्च गांव की गलियों से गुजरा तो माहौल भावुक हो गया। कैंडल मार्च थुमहा पंचायत के वार्ड नंबर छह निवासी मृतक कुंदन कुमार के घर से शुरू हुआ। इसके बाद सभी छह मृत युवाओं के घरों से गुजरते हुए मार्च सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग तक पहुंचा। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, मित्र और शुभचिंतक शामिल हुए। लोगों ने दिवंगत युवाओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे में एक साथ छह युवाओं की मौत से कई परिवारों की खुशियां उजड़ गई हैं। गांव में हर तरफ अपनों को खोने का दर्द और मातमी सन्नाटा पसरा है। कैंडल मार्च के माध्यम से ग्रामीणों ने दिवंगत युवाओं को याद करने के साथ दुख की इस घड़ी में उनके परिवारों के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।


