
वरदान न्यूज | बिहारीगंज–उदाकिशुनगंज
बिहारीगंज एवं उदाकिशुनगंज क्षेत्र के सरकारी पशु अस्पतालों में मवेशियों के इलाज को लेकर पशुपालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पशुपालकों का आरोप है कि जब वे अपने बीमार मवेशियों का इलाज कराने सरकारी पशु अस्पताल पहुंचते हैं, तो वहां मौजूद डॉक्टर या अन्य कर्मियों द्वारा अक्सर दवा उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया जाता है।
पशुपालकों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में समुचित दवाएं नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरन बाजार से महंगी दवाइयां खरीदकर अपने मवेशियों का इलाज कराना पड़ता है। इससे पहले से आर्थिक तंगी झेल रहे किसानों और पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब सरकार पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकारी अस्पताल संचालित कर रही है, तो फिर अस्पतालों में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध क्यों नहीं हैं? आखिर पशुपालक सरकारी सुविधा का लाभ लेने जाएं तो कहां जाएं?
पशुपालकों ने जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने, अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि पशुपालकों की इस गंभीर समस्या पर विभागीय अधिकारी कब संज्ञान लेते हैं और सरकारी पशु अस्पतालों की व्यवस्था में कब सुधार होता है।
