अगलगी की तीन घटनाओं में सात घर जलकर राख, दो झुलसे

पुरैनी (मधेपुरा)।

प्रखंड क्षेत्र में दिवाली की रात से सोमवार तक अगलगी की तीन अलग-अलग घटनाओं में सात घर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से दो महिला झुलसकर घायल हो गई, जबकि एक बछिया सहित कई बकरियों की झुलसकर मौत हो गई। अगलगी की इन घटनाओं में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, फर्नीचर, जरूरी कागजात सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात दुहबी-सुहबी में अचानक आग लगने से तीन परिवारों के घर जलकर राख हो गए। वहीं कोयलाटोल में एक घर आग की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा सोमवार को गणेशपुर पंचायत के औरलाहा में भी अगलगी की घटना में तीन घर पूरी तरह जल गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घरों में रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। दुहबी-सुहबी में आग की चपेट में आने से बाड़े में बंधे मवेशी भी झुलस गए। इसमें एक गाय की बछिया सहित कई बकरियों की मौत हो गई। वहीं घर से सामान निकालने के दौरान उमेश मंडल की 14 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी और सुबोध यादव की पत्नी कुलवती देवी झुलसकर घायल हो गईं। दोनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। अगलगी की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस संबंध में सीओ स्मिता झा ने बताया कि सभी घटनास्थलों की जांच कराई जा रही है। सरकारी प्रावधान के अनुसार अगलगी से प्रभावित परिवारों को मिलने वाली सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!