– कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने जिलाधिकारी के समक्ष विषय रखने की कही बात
सहरसा, संवाददाता
सौरबाजार प्रखंड के भपटिया गांव में स्थापित ग्राम देवता एवं स्थान देवता से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के महत्व पर सोमवार को चर्चा हुई।
शारदीय नवरात्र की नवमी पर भपटिया दुर्गा मंदिर पहुंचीं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने स्थानीय धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े इन स्थलों के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान स्नेहा झा ने कहा कि ग्राम देवता एवं स्थान देवता से जुड़े विषय को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को गांव लाकर स्थलों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और संरक्षण से जुड़े पहलुओं की जानकारी लेने का अनुरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नियमानुसार जो भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं, उनके लिए विभागीय स्तर पर पहल करने का अनुरोध किया जाएगा।
गांव में स्थापित ग्राम देवता एवं स्थान देवता स्थानीय लोगों की आस्था और पारंपरिक मान्यताओं से जुड़े हैं। ऐसे स्थलों का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व ग्रामीण विरासत को सहेजने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान इस विषय पर हुई चर्चा से स्थानीय लोगों ने अपनी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को सामने रखने का अवसर पाया।
इस अवसर पर ग्राम विकास समिति भपटिया एवं मेला समिति के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


