डीआईजी ने पूजा-अर्चना कर भपटिया दुर्गा मेला का किया उद्घाटन

– नशे से दूर रहें, बच्चों को गलत संगत से बचाएं और बेटियों पर रखें विशेष ध्यान : डॉ. कुमार आशीष

सहरसा, संवाददाता

शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को सौरबाजार प्रखंड के भपटिया गांव स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के बीच दुर्गा पूजा मेले का शुभारंभ हुआ।

कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने अपनी पत्नी एवं पिता के साथ मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और बच्चों को गलत संगत से बचाने की अपील की। डीआईजी ने नशामुक्त कोसी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।

अभिभावकों को अपने बच्चों की गतिविधियों और उनकी मित्र मंडली पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि वे गलत संगत में पड़ने से बच सकें। उन्होंने खासकर बेटियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने और बच्चों के मोबाइल उपयोग पर निगरानी रखने की अपील की।

बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना और उन्हें सही दिशा देना परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

मेले के उद्घाटन समारोह में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। दुर्गाकांत झा एवं उनकी टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर डीआईजी सहित उपस्थित अधिकारियों का अभिनंदन किया।

गीतों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया, जिससे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

पूजा-अर्चना का अनुष्ठान पंडित गजेंद्र झा के सानिध्य में संपन्न हुआ। यजमान रमापति झा ने डीआईजी एवं उनके परिजनों को माता की चुनरी भेंट की।

वहीं, मेला समिति की ओर से डीआईजी डॉ. कुमार आशीष और उनके परिवार को पाग एवं चादर भेंट कर सम्मानित किया गया।

दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में ग्राम विकास समिति भपटिया के सभी पदाधिकारी, मेला समिति के सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!