पिपरा (सुपौल)। दुर्गा पूजा के अवसर पर निर्मली बाजार में आयोजित होने वाले मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पिपरा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार के नेतृत्व में निर्मली दुर्गा पूजा मेला समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई। इस दौरान निर्मली पंचायत के मुखिया हरिनंदन मंडल, मेला समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने मेले में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने मेला समिति और स्थानीय लोगों के सहयोग से मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई।
पिपरा प्रखंड संवाददाता – सुशील कुमार की रिपोर्ट

