
साध्वी अलका द्विवेदी के वचनों से भक्तिमय हुआ नयानगर क्षेत्र
वरदान न्यूज/मधेपुरा।
उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र की नयानगर पंचायत स्थित मां भगवती मंदिर परिसर इन दिनों पूरी तरह राममय हो चुका है। यहां चल रहे भव्य संगीतमय रामकथा आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्ति की त्रिवेणी में गोता लगा रहा है, जहाँ दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु कथा का रसपान कर अपने जीवन को धन्य बना रहे हैं।
ऐतिहासकि और आध्यात्मिक महत्व
नयानगर स्थित मां भगवती दुर्गा मंदिर केवल अपनी गहरी धार्मिक आस्था के लिए ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक शांति और मनोकामना शक्तिपीठ के रूप में भी पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। अपनी इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी यहाँ भव्य रामकथा का आयोजन किया गया है। श्रीराम जन्मोत्सव पर झूम उठे श्रद्धालु
कथा के तीसरे दिन चित्रकूट से पधारी प्रख्यात कथा वाचिका साध्वी अलका द्विवेदी ने अपने ओजस्वी और मधुर वचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके मुख से श्रीराम जन्मोत्सव की कथा सुनते ही पूरा पंडाल भाव-विभोर हो उठा और पूरा प्रांगण जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए साध्वी अलका द्विवेदी ने जीवनोपयोगी संदेश देते हुए कहा कि ईश्वर के स्मरण के बिना मन कभी पवित्र नहीं हो सकता। मनुष्य को अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर प्रभु की भक्ति अवश्य करनी चाहिए।
समाज को एक गहरी सीख देते हुए उन्होंने आगे कहा, आज जगह-जगह रामकथाएं हो रही हैं, लेकिन समाज में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। इसका प्रमुख कारण यह है कि लोग कथाओं को प्रेरणा का स्रोत मानने के बजाय केवल मनोरंजन का साधन समझ लेते हैं। जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र को समझना और उसका अपने आचरण में अनुकरण करना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्मरण कराया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने हमेशा अधर्म पर धर्म की विजय सुनिश्चित करने के लिए ही अवतार लिया था।
कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से शुरू होकर महाआरती के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है। कथा के सफल संचालन और मेले को भव्य रूप देने में मेला कमेटी और स्थानीय ग्रामीण पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में दुर्गा धार्मिक न्यास समिति भगवती स्थान नयानगर के राणा रन बहादुर सिंह (सचिव), डॉ. प्रमोद कुमार सिंह (उप सचिव), दिवाकर सिंह (कोषाध्यक्ष)
सहित सैकड़ों गणमान्य लोग और श्रद्धालु पूरी निष्ठा व समर्पण भाव के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
