सुपौल। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मिथिला की सांस्कृतिक पहचान, गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक पारंपरिक पाग के कथित अपमान को लेकर जिला पदाधिकारी, सुपौल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
मामला सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत किशनपुर बाजार के गोलंबर का है, जहां 7 अक्टूबर 2026 को महागठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पुतले को मिथिला का पारंपरिक पाग पहनाया गया और पुतला दहन के साथ पाग में भी आग लगाई गई। इस घटना को लेकर मिथिला की संस्कृति और परंपरा से जुड़े लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
पाग सम्मान का प्रतीक है – जयंत मिश्रा
जयंत मिश्रा ने कहा कि मिथिला का पाग महज एक पारंपरिक वस्त्र नहीं, बल्कि सम्मान, स्वाभिमान, अतिथि-सत्कार और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। किसी भी राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन में मिथिला की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े प्रतीक का इस प्रकार इस्तेमाल करना और उसे जलाना लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध और प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर किसी क्षेत्र की परंपरा, संस्कृति और सम्मान से जुड़े प्रतीकों का अपमान नहीं होना चाहिए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, मगर मिथिला की सांस्कृतिक अस्मिता का सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की गई कि किशनपुर बाजार के गोलंबर पर हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
जयंत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मिथिला की संस्कृति, परंपरा और पाग के सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी। मिथिला का पाग हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। मिथिला की परंपरा और गौरव के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से भाजपा मीडिया प्रभारी सुरेंद्र नारायण पाठक, भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री राजेश कुमार साह, जिला उपाध्यक्ष विशाल कुमार मिश्रा, जिला मंत्री मनीष कुशवाहा, राजेश मल्लिक, जिला कोषाध्यक्ष एवं कार्यालय मंत्री शिवा चौधरी आदि उपस्थित थे।


