सुपौल। बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज कुमार जायसवाल की जीत सुनिश्चित करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चुनाव अभियान समिति के संयोजक श्री शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी ने की।
बैठक में सुपौल जिले के सभी प्रखंड प्रभारी, प्रखंड अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रत्याशी श्री मनोज कुमार जायसवाल को शुभकामनाएं देते हुए उनकी जीत के लिए पूरी एकजुटता के साथ चुनाव अभियान में जुटने का संकल्प लिया।
बैठक में चुनाव प्रचार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में स्नातक मतदाताओं की मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर व्यक्तिगत संपर्क अभियान चलाएंगे और प्रत्येक मतदाता तक पहुँच कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाएंगे।
शिक्षित मतदाताओं के अधिकारों का चुनाव है – नरेश मिश्रा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री नरेश मिश्रा ने कहा कि कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव शिक्षित मतदाताओं के अधिकारों, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है। कांग्रेस प्रत्याशी श्री मनोज कुमार जायसवाल एकजुट कांग्रेस परिवार के समर्थन के साथ चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह स्नातक मतदाताओं से संवाद स्थापित कर उन्हें कांग्रेस की विचारधारा और प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करे।
हर मतदाता तक पहुंचना प्राथमिकता – शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी
चुनाव अभियान समिति के संयोजक शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में सुनियोजित अभियान चलाया जाएगा। मतदाता सूची प्रत्येक प्रखंड तक पहुँचाना और प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करना इस अभियान की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत के लिए केवल बैठकें करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक मतदाता तक पहुँचना और उनके बीच पार्टी का संदेश पहुँचाना आवश्यक है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता व प्रभारी डॉ. श्राफ, अभय तिवारी, संजीव सिंह, सगीर आलम, अमित झा सहित अन्य नेताओं ने श्री जायसवाल को शुभकामनाएं दी और कहा कि कांग्रेस का प्रत्याशी होने से सभी कार्यकर्ताओं में नया जोश आया है।
प्रत्याशी श्री मनोज कुमार जायसवाल ने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता से कांग्रेस के पक्ष में प्रथम वरीयता का वोट डालने की अपील करने का आग्रह किया।
बैठक में ललित कामत, प्रमोद यादव, मो. उस्मान, शाहिद खान, चुनचुन सिंह, मो. तनवीर, मो. अलाउद्दीन, प्रभात सिंह, प्रेम झा, रघुनाथ मुखिया, अंकित झा, मरजीना खातून सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


