गैरमजरूआ जमीन को बपौती समझने वाले ग्रामीण स्तर के भू-माफिया जाएंगे जेल : विजय सिन्हा

पटना।
बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गैरमजरूआ जमीन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जो लोग सरकारी और सार्वजनिक जमीन को अपनी बपौती समझकर अवैध रूप से बेच रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विजय सिन्हा ने कहा कि यदि ग्रामीण स्तर पर कोई भू-माफिया सक्रिय है तो उसका नाम सीधे मेरे संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के दायरे में रहते हुए इतनी सख्त कार्रवाई की जाएगी कि उनकी अवैध गतिविधियों की पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गैरमजरूआ जमीन पर न तो किसी व्यक्ति का निजी स्वामित्व है और न ही किसी तथाकथित जमींदार को इसे बेचने का अधिकार है। इसके बावजूद कुछ लोग भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह कर फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन की खरीद-बिक्री करा रहे हैं, जो गंभीर अपराध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि
गैरमजरूआ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री पर तत्काल कार्रवाई करें
फर्जी जमाबंदी, दाखिल-खारिज मामलों की गहन जांच कर दोषियों पर एफआईआर और गिरफ्तारी सुनिश्चित करें
भू-माफियाओं के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए
विजय सिन्हा ने आम लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले उसकी श्रेणी और अभिलेखों की जांच अवश्य करें और फर्जी जमींदार या दलाल के झांसे में न आएं।
सरकार ने साफ कर दिया है कि गैरमजरूआ जमीन से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!