ई-रिक्शा में गलत तरीके से लोहे के छड़ की लोडिंग, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
सुपौल संवाददाता – रितेश कुमार ठाकुर
सुपौल: शहर और गांवों में इन दिनों ई-रिक्शा पर गलत ढंग से लोहा और छड़ लादकर ढोया जा रहा है। लंबा-लंबा लोहे का छड़ ई-रिक्शा से बाहर लटका रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा चालक थोड़े से पैसे के लालच में क्षमता से ज्यादा लोडिंग कर लेते हैं। छड़ आगे-पीछे से 5-6 फीट तक बाहर निकला रहता है। सड़क पर चल रहे बाइक सवार, पैदल यात्री और स्कूली बच्चों के लिए यह सबसे ज्यादा खतरनाक हो जाता है।
कभी भी कट सकता है किसी का गला
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार तो छड़ इतना बाहर निकला होता है कि बगल से गुजरने वाले लोगों को चोट लगते-लगते बचती है। जरा सी चूक हुई तो किसी का गला तक कट सकता है।
ई-रिक्शा में ब्रेक भी कमजोर होता है और ज्यादा वजन होने से वह संभल नहीं पाता। मोड़ पर पलटने का भी डर बना रहता है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि ऐसे ई-रिक्शा चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोहे के छड़ और भारी सामान ढोने के लिए अलग से वाहन की व्यवस्था हो, ई-रिक्शा पर इस तरह की खतरनाक लोडिंग पर रोक लगाई जाए।
फिलहाल लोगों में डर का माहौल है, लोग कह रहे हैं कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने से अच्छा है, पहले ही इस पर रोक लगाई जाए।
