कोसी स्नातक संवाद में सुपौल पहुंचे PK, बोले- 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को दिलाएंगे निजी नौकरी; समर्थकों ने लड्डुओं से तौला

सुपौल: जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर सुपौल में MLC चुनाव को लेकर आयोजित स्नातक संवाद में शामिल हुए। रतन रिसॉर्ट में आयोजित बैठक में वे कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन के साथ शामिल हुए और उनके लिए वोट की अपील की।

PK ने स्नातकों के लिए किया ऐलान- 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को निजी नौकरी दिलाना मेरी व्यक्तिगत गारंटी

PK ने कहा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के स्नातक साथियों के लिए 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को निजी नौकरी दिलाना मेरी, यानी प्रशांत किशोर की व्यक्तिगत गारंटी है। 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार लोगों को नौकरी निश्चित रूप से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 हजार नौकरी के वादे से पूरे बिहार में जनप्रतिनिधियों से सवाल खड़ा हुआ कि वे लोग नौकरी क्यों नहीं दे पाएंगे। कोई कह रहा है कि प्रशांत किशोर नौकरी नहीं दे पाएंगे, तो कोई कह रहा है कि हम रोजगार देंगे। लेकिन बात रोजगार और 7वें वेतनमान की हो रही है। यही लोकतंत्र और विकल्प की ताकत है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि जाति के नाम पर, हिंदू-मुसलमान के नाम पर, लालू के डर से भाजपा और भाजपा के डर से लालू को वोट देने से ही बिहार की यह दुर्दशा हुई है। आपके पास अवसर है कि कोई आपका वोट 5 किलो अनाज में नहीं खरीद सकता। एक बार जन सुराज के उम्मीदवार को जिताइए।

सुपौल में प्रशांत किशोर को समर्थकों ने लड्डुओं से तौला, पीके ने कहा, स्नातक चुनाव सरकार बनाने या हटाने का नहीं, उसे जवाबदेह बनाने का अवसर है

कोसी स्नातक संवाद में शामिल होने सुपौल पहुंचे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को समर्थकों ने लड्डुओं से तौला। इस दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। PK ने कहा कि स्नातक का यह चुनाव सरकार बनाने या सरकार हटाने का नहीं है। इस वोट से बनी सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा। जो सरकार जीतने के बाद शिक्षकों की मांगों को भूल गई, जो सरकार बनने के बाद बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को भूल गई, जो सरकार भ्रष्टाचार पर काबू नहीं कर पा रही है और जिस सरकार में रोज अपराध हो रहे हैं, उस सरकार पर लगाम लगाने का अवसर लोगों के पास है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को न ऊपर देखना है, न नीचे, न जाति देखनी है, न धर्म। न लालू जी की सरकार आने का डर होना चाहिए और न भाजपा की सरकार का। जैसे बांकीपुर में लोगों ने जाति, धर्म, दल और नेता से ऊपर उठकर वोट किया, वैसे ही कोसी क्षेत्र के पढ़े-लिखे मतदाताओं से अपील है कि वे रजनीश जी को वोट देकर जिताएं, ताकि व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जा सके, साथ ही, अगर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश जी जीतते हैं, तो बांकीपुर में लोगों को जो सुविधाएं दी गई हैं, वे सुविधाएं यहां भी मिलेंगी। इस क्षेत्र के 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार निजी नौकरी दिलाई जाएगी। शिक्षकों के 7वें वेतनमान का मामला हो, कोई जीते या हारे, जन सुराज ने संकल्प ले लिया है कि लोकसभा चुनाव से पहले इसी व्यवस्था में इसे दिलाकर रहेंगे।मौके पर जनसुराज स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ रजनीश रंजन, जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महिला प्रवक्ता रीति झा, चुनाव प्रभारी राकेश कुमार बंटी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!