सुपौल। आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए सुपौल जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश के आलोक में आज परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, जिला प्रशासन एवं सुपौल नगर परिषद द्वारा शहर में संयुक्त जांच एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण करने वालों पर भी सख्ती बरती गई।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
संयुक्त अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (सदर), अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), भूमि सुधार उपसमाहर्ता (सदर) एवं कार्यपालक पदाधिकारी, सुपौल नगर परिषद उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, जिला प्रशासन एवं नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी अभियान में शामिल हुए।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन के मामलों में वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, नगर परिषद की टीम ने सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। कई स्थानों पर सड़क की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रास्ता बाधित करने वाले अतिक्रमित हिस्सों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।
क्या बोले अधिकारी
अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्री मनोहर कुमार साहू ने बताया कि दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन तथा शहर में जाम की स्थिति को रोकने के लिए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर यह संयुक्त अभियान चलाया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि पूजा के दौरान आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला परिवहन पदाधिकारी, सुपौल डॉ. संजीव कुमार सज्जन ने बताया कि परिवहन विभाग के मुख्यालय से भी सघन वाहन जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश प्राप्त है। इसके आलोक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासन की आम नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, दुकानदारों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें, दुकानों का सामान सड़क पर न फैलाएं, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें। वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों में सहयोग करें।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं शहर की यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

